नई दिल्ली, 8 मई : भारतीय तटरक्षक बल ने मंगलवार को एक गंभीर रूप से बीमार मछुआरे अजिन (26 वर्ष) की हवाई मार्ग से चिकित्सा निकासी की। दरअसल, तमिलनाडु के कोलाचल में रहने वाला मछुआरा बेपोर तट से 40 एनएम दूर आईएफबी जजीरा पर सवार था और बीमार होने के कारण अचानक समुद्र में गिर गया था। हालांकि, साथी मछुआरों ने उसे डूबने से बचा लिया। मगर, फेफड़ों में समुद्र का पानी घुसने के चलते मछुआरे की स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी।
ऐसे में एडी फिशरीज ने आईसीजी के समुद्री बचाव उपकेंद्र, बेपोर को सूचना दी और वहां से आईसीजी ने तुरंत मेडिकल टीम के साथ एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर लॉन्च किया, जो कोच्चि से घटनास्थल की ओर रवाना हुआ। आईसीजी ने तटरक्षक जहाज आर्यमान और सी-404 के जरिये समुद्र में मछली पकड़ने वाली नाव आईएफबी जजीरा का पता लगाया और मरीज को हवाई मार्ग से कोच्चि ले जा कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया। फिलहाल मरीज निगरानी में है और हालत स्थिर है।






पाठकों की राय