Hapur News : हापुड़ में कपड़े से भरे कैंटर की लूट करने वाले गिरोह के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जनपदीय स्वाट टीम और गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस बागड़पुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कैंटर को रुकने का इशारा किया गया तो चालक उसे पलवाड़ा रोड की तरफ भगाने लगा। सूचना पर बलवापुर कट पर तैनात टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया जबकि चार अन्य बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया।
क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि 27 और 28 सितंबर की रात थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के बलवापुर बृजघाट रोड पर उन्होंने कैंटर को रोका था। चालक और हेल्पर को कार में बंधक बनाकर अमरोहा क्षेत्र में छोड़ दिया और जैकेट बनाने वाला कपड़ा भरा कैंटर लूट लिया था।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जावेद, अजीम, फरदिन, अमन और सुब्हान के रूप में हुई है। इनके कब्जे से लूटा गया कैंटर शत प्रतिशत माल समेत बरामद हुआ है। लूटे गए माल की कीमत करीब 55 लाख रुपये है। इसके अलावा अवैध असलहा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक अवैध चाकू भी मिला है।
राहुल यादव ने बताया कि जावेद और अजीम शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ दिल्ली, मुरादाबाद, संभल और हापुड़ में हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


