Cyber Crime: रिश्ता टूटा तो पूर्व प्रेमी ने निजी तस्वीरें कीं वायरल, प्राथमिकी दर्ज

Cyber Crime: रिश्ता टूटा तो पूर्व प्रेमी ने निजी तस्वीरें कीं वायरल, प्राथमिकी दर्ज
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-63 क्षेत्र में रिश्ता टूटने के बाद एक युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पूर्व प्रेमी पर निजी सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करने और इसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली करीब 25 वर्षीय युवती नोएडा की एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करती है। वर्ष 2023 में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात शिवकुमार नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
समय बीतने के साथ व्यक्तिगत कारणों से युवती ने युवक से रिश्ता खत्म कर लिया और उससे दूरी बना ली। आरोप है कि रिश्ता टूटने से नाराज शिवकुमार ने युवती को परेशान करने के लिए उसकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिए।
पीड़िता को जब कुछ परिचितों के माध्यम से निजी तस्वीरों और वीडियो के वायरल होने की जानकारी मिली तो उसने आरोपी से इन्हें हटाने के लिए कहा। आरोप है कि युवक ने सामग्री हटाने के बजाय युवती को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद युवती ने मामले की शिकायत थाना सेक्टर-63 पुलिस से की। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री तथा आरोपी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।





