उत्तर प्रदेशराज्य

Noida: नोएडा की सुपरटेक सीज़ार सोसाइटी में मेंटेनेंस चार्ज बढ़ने पर हंगामा, सड़कों पर उतरे निवासी

Noida: नोएडा की सुपरटेक सीज़ार सोसाइटी में मेंटेनेंस चार्ज बढ़ने पर हंगामा, सड़कों पर उतरे निवासी

Noida के सेक्टर ओमिक्रोन-1 स्थित सुपरटेक सीज़ार सोसाइटी में मेंटेनेंस चार्ज में दोबारा बढ़ोतरी किए जाने के विरोध में रविवार को निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों ने आरोप लगाया कि बिना उचित सूचना और पारदर्शिता के लगातार मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाया जा रहा है, जबकि सोसाइटी में सुविधाएं लगातार खराब होती जा रही हैं।

निवासियों का कहना है कि करीब छह महीने पहले ही मेंटेनेंस चार्ज में 65 पैसे प्रति वर्ग फीट की बढ़ोतरी की गई थी। उनका आरोप है कि यह फैसला भी एकतरफा तरीके से लिया गया था। अब एक बार फिर 10 मई से 80 पैसे प्रति वर्ग फीट की अतिरिक्त वृद्धि कर दी गई है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

एओए अध्यक्ष संजीव चौधरी ने आरोप लगाया कि पुरानी बढ़ोतरी का कोई हिसाब-किताब दिए बिना ही मेंटेनेंस एजेंसी ने दोबारा शुल्क बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए कैम चार्जेज के बावजूद सोसाइटी में कोई सामूहिक विकास कार्य नहीं कराया गया। निवासियों का आरोप है कि अतिरिक्त फंड्स का इस्तेमाल कुछ लोगों के निजी लाभ और एजेंसी की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए किया गया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सोसाइटी में मूलभूत सुविधाएं लगातार खराब होती जा रही हैं। साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य सेवाओं में सुधार नहीं हो रहा है। कई निवासियों ने आरोप लगाया कि सुपरटेक ग्रुप के दिवालिया घोषित होने के बाद भी उससे जुड़ी एजेंसी वाई जी एस्टेट पिछले 10 वर्षों से विवादित प्रोजेक्ट्स का मेंटेनेंस संभाल रही है। लोगों का कहना है कि सुविधाओं की कमी के कारण सोसाइटी की हालत धीरे-धीरे गांव जैसी होती जा रही है।

वहीं दूसरी ओर मेंटेनेंस प्रभारी अजय भाटी ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नए सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए शुल्क बढ़ाया गया है। उनका कहना है कि बैचलर्स द्वारा आए दिन तोड़फोड़ की घटनाएं होती रहती हैं, जिसकी शिकायत पुलिस से भी की गई है। उन्होंने दावा किया कि निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही यह फैसला लिया गया है।

फिलहाल सोसाइटी में बढ़ते विवाद को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है और आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button