Delhi Crime: सीमापुरी में बेटे ने मां को पटककर मार डाला, घरेलू विवाद में हुई दर्दनाक मौत
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने मामूली घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही मां की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां को जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
शाहदरा जिले के डीसीपी आर. पी. मीना के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी शेर अली (27) अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान उसकी मां बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचीं। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान आरोपी गुस्से में आ गया और उसने अपनी मां को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद घायल महिला को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
मृतका की बहू ने अपने पति शेर अली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शेर अली अक्सर घर में विवाद करता था और उसी विवाद के दौरान उसने अपनी मां के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। बहू के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शेर अली पेशे से दर्जी है और लोनी इलाके में काम करता है, जबकि उसकी मां गृहिणी थीं। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई
