Jaisalmer Delhi Train: जैसलमेर से दिल्ली के लिए नई रेल सेवा की शुरुआत, स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी

Jaisalmer Delhi Train: जैसलमेर से दिल्ली के लिए नई रेल सेवा की शुरुआत, स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी
नोएडा/जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर से दिल्ली (शकूर बस्ती) तक चलने वाली नई रेल सेवा का शुभारंभ शनिवार को ऐतिहासिक उत्साह के साथ किया गया। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री ने घोषणा की कि जनभावनाओं के अनुरूप इस नई सेवा को “स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस” नाम से संचालित किया जाएगा।

शुभारंभ समारोह में भारी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सेना, बीएसएफ और एयर फोर्स के अधिकारी तथा स्कूल के बच्चे मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व विकास के सुनहरे दौर से गुजर रही है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में रेलवे विकास के लिए लगभग 55,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएँ प्रगति पर हैं, जिनमें सीमावर्ती क्षेत्रों में रेल नेटवर्क विस्तार एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि अनूपगढ़ से खाजूवाला होते हुए बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और भाभर तक नई लाइनें प्रस्तावित हैं और इनके निर्माण से आम जनता के साथ-साथ सेना को भी रणनीतिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि 2014 से पूर्व राजस्थान में रेलवे बजट मात्र 680 करोड़ रुपये के आसपास था, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग 10,000 करोड़ रुपये वार्षिक तक पहुंच गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि जैसलमेर स्टेशन को लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया गया है और दूसरा प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा। उन्होंने कोचिंग डिपो का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सके। इसके साथ ही जैसलमेर से जोधपुर तक ट्रैक नवीनीकरण भी तेजी से किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने के कारण 6 जोड़ी वंदे भारत, 1 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस और अन्य प्रमुख ट्रेनों का संचालन हो रहा है, और पिछले छह महीनों में आठ नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है।

समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह केवल एक रेल सेवा का उद्घाटन नहीं बल्कि जैसलमेर के विकास, पर्यटन विस्तार और स्थानीय नागरिकों की सुविधा की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह सेवा जैसलमेर के पर्यटन उद्योग में नई ऊर्जा लाएगी और घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में सांसद श्री उम्मेदाराम बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कैलाश चौधरी और विधायक श्री छोटू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नई रेल सेवा के लिए केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।
समारोह के बाद रेल मंत्री एवं पर्यटन मंत्री ने जैसलमेर स्टेशन के नवनिर्मित आगमन-प्रस्थान प्लाजा, भवन प्रबंधन सर्वर रूम और एयर कंकॉर्स का निरीक्षण किया तथा पुनर्विकास कार्यों की प्रशंसा की। नई स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस के शुरू होने से स्थानीय लोगों में उत्साह है और इसे जैसलमेर व दिल्ली के बीच मजबूत परिवहन सेतु माना जा रहा है।




