Yamuna Par Crime: यमुनापार में बाइक विवाद पर पड़ोसियों ने परिवार पर कराया कुत्ते से हमला, 6 घायल
रिपोर्ट: रवि डालमिया
यमुनापार के उत्तर-पूर्वी जिला, थाना वेलकम इलाके के सुभाष पार्क में बाइक हटाने को लेकर एक परिवार पर हैवानियत की हद पार करने वाली वारदात सामने आई। पड़ोसियों ने नाराज़गी के चलते परिवार पर पालतू कुत्ते के साथ लोहे की रोड और डंडे से हमला किया। इस हमले में महिला समेत छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल परिवार के सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं।
पीड़ित चेतन राठौड़ के अनुसार, बीती रात लगभग 11:30 बजे उनके पिता अरविंद राठौड़ ने गली में खड़ी बाइक को हटाने के लिए पड़ोसी शालू स्वामी से कहा। इसके बाद शालू और उसके साथियों ने गाली गलोच की। जब चेतन राठौड़ घटना की जानकारी लेने नीचे गए, तो शालू और उसके साथी मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्य भी हमले से बचे नहीं।
हमले में एक साथी घर गया और कुत्ता, रोड और लाठी लेकर वापस आया। इसके बाद तीनों ने मिलकर परिवार पर बर्बर हमला किया। कुत्ते ने परिवार के सदस्यों को नोच लिया, जबकि आरोपियों ने लोहे की रोड और डंडे से वार किया। महिलाओं को भी नहीं छोड़ा गया। परिवार का कहना है कि अरविंद राठौड़ का हाथ-पैर टूट गया और उनकी हालत गंभीर है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, दिल्ली में पालतू कुत्तों को लेकर सख्ती और सुरक्षा उपायों के बावजूद इस तरह की घटनाओं ने आम लोगों में कुत्तों के प्रति डर और असुरक्षा पैदा कर दी है।
>>>>>>>>>


