Women Safety: महिला आयोग की जनसुनवाई में आठ महिलाओं की शिकायतों का मौके पर निस्तारण, छात्राओं को किए जागरूक

Women Safety: महिला आयोग की जनसुनवाई में आठ महिलाओं की शिकायतों का मौके पर निस्तारण, छात्राओं को किए जागरूक
नोएडा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस विभाग से जुड़े कुल 19 मामलों पर सुनवाई हुई, जिनमें घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, उत्पीड़न और भरण-पोषण से संबंधित मामले शामिल थे।
जनसुनवाई में आठ महिलाएं व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुईं। उनकी शिकायतों की सुनवाई के बाद कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, सहानुभूति और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण अपनी समस्याएं खुलकर नहीं बता पातीं, इसलिए अधिकारियों को विश्वास का माहौल बनाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना चाहिए।
जनसुनवाई के बाद उन्होंने महामाया बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। यहां उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


