Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : रविवार को बुलंदशहर के होटल कलश में आयोजित गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आचार्य प्रमोद कृष्णम ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाले विपक्ष में सब रावण के खानदानी हैं। यह पूरा रावण का कुनबा है। इसमें कोई खरदूषण की भूमिका में है तो कोई कुंभकरण की भूमिका में है।
उन्होंने संसद में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह सनातन को बदनाम करने का काम देश की संसद में पप्पू यादव ने किया है और इसे नौटंकी के रूप में इस्तेमाल किया गया, यह एक षड्यंत्र है। उनका कहना था कि यह भारत की संसद का भी अपमान है और सनातन व पूरे संत समाज का भी अपमान है। जो व्यक्ति सनातन का नहीं होता है वह इस भारत का नहीं हो पाएगा।
आचार्य ने मांग की कि राहुल गांधी और पप्पू यादव को सनातन और संत समाज से क्षमा याचना करनी चाहिए।
विदेशी साजिश का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कॉकरोच पार्टी के नाम पर देश को तोड़ना विदेशी ताकतों का षड्यंत्र है। कॉकरोच मूवमेंट के जरिए विदेशी ताकतें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करना चाहती हैं। इस विदेशी षड्यंत्र में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हैं। यह दुर्भाग्य की बात है।
प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जिस तरह युवाओं को भड़काकर हुड़दंग कराया गया और प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें माफ किया, उसमें बुद्ध, महावीर और महात्मा गांधी की झलक दिखाई देती है।


