Uttar Pradesh : हापुड़ में नशे में धुत युवक ने देहात थाने की दोयमी चौकी में की तोड़फोड़, चौकी प्रभारी की टोपी पहनकर फाड़े कागजात

Hapur News : थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला पन्नापुरी के बाहर स्थित दोयमी चौकी पर शुक्रवार देर रात नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर युवक चौकी के अंदर घुस गया और शोर मचाने लगा।
आरोप है कि युवक ने चौकी प्रभारी की टोपी पहनकर उनकी कुर्सी पर बैठ गया। इसके बाद मेज पर रखी फाइलों से कागजात निकालकर उन्हें फाड़ दिया। युवक के शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया। लेकिन युवक लोगों के साथ भी अभद्रता करने लगा।
चौकी से बाहर निकलकर युवक ने परिसर में रखे गमलों को भी फेंककर तोड़ दिया। लोगों ने युवक की इस हरकत का वीडियो बना लिया। वीडियो में युवक टोपी पहनकर कुर्सी पर बैठा और कागजात फाड़ता नजर आ रहा है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
वायरल वीडियो के बाद मामले की जानकारी मिलते ही सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अमर उर्फ चंदू निवासी गांव लुखराड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई शुरू कर दी है।





