Uttar Pradesh : हापुड़ में ट्यूशन जा रही कक्षा 10 की छात्रा से कार में दुष्कर्म, वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र में ट्यूशन जा रही कक्षा दसवीं की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी युवक कार में छात्रा को जंगल की ओर ले गया और घटना की वीडियो भी बना ली।
छात्रा के पिता की तहरीर के अनुसार उनकी बेटी बाबूगढ़ स्थित एक स्कूल में पढ़ती है। 12 जुलाई को वह ट्यूशन पढ़ने जा रही थी तभी गांव रसूलपुर बहला निवासी राजदेव उसे कार से मिला। आरोप है कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर उपेड़ा हाईवे के रास्ते जंगल की तरफ ले गया। वहां कार रोककर आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और घटना की वीडियो बना ली।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके भाई और उसे जान से मारने की धमकी दी और उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी राजदेव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।





