उत्तर प्रदेश : विदेश में नौकरी का झांसा देकर 22 लाख की ठगी, पीड़ित ने लगाई कार्रवाई की गुहार

Hapur News : मेरठ के एक युवक ने जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ निवासी युवक और उसके साथियों पर विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मेरठ के थाना किला क्षेत्र के गांव सोहोदत निवासी शान मोहम्मद ने दी गई तहरीर में बताया कि उसकी और उसके एक साथी की मुलाकात एक शादी समारोह के दौरान गांव वैठ निवासी युवक और उसके दो साथियों से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि वे क्षेत्र के युवकों को विदेश में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने का काम करते हैं। इसी दौरान उन्होंने शान मोहम्मद और उसके साथी को भी सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि शान मोहम्मद और उसका साथी उनके झांसे में आ गए और अपने अलावा पांच अन्य युवकों को भी तैयार कर लिया। सभी से मिलाकर करीब 22 लाख रुपये आरोपियों को नौकरी दिलाने के नाम पर दे दिए गए। कुछ समय बाद आरोपियों ने उन्हें सऊदी अरब भेज दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि नौकरी से संबंधित सभी दस्तावेज फर्जी हैं और उन्हें कोई काम नहीं मिला।
पीड़ित ने बताया कि जब वे वापस लौटे और आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो उन्होंने पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने थाने में नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह का कहना है कि उन्हें अभी इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।





