उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : रानी बनकर दौताई में रह रही बांग्लादेशी महमूदा बेगम पति संग फरार, जांच में जुटी पुलिस

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर के गांव दौताई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बांग्लादेश के नरायणगंज की रहने वाली महमूदा बेगम अपना नाम बदलकर रानी के रूप में रह रही थी और अब अपने पति मोहम्मद मशरूफ के साथ अचानक लापता हो गई है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस-प्रशासन और खुफिया एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मशरूफ और महमूदा बेगम ने 11 फरवरी 2021 को दिल्ली स्थित दरगाह हजरत निजामुद्दीन में निकाह किया था। निकाह के दस्तावेजों में दोनों ने अपना नाम और पता सही दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि निकाह के बाद महमूदा बेगम ने अपना नाम बदलकर रानी रख लिया और गांव दौताई में पति के साथ रहने लगी। ग्राम प्रधान के लेटरपैड पर भी उसका नाम रानी दर्शाते हुए स्थानीय जांच प्रक्रिया पूरी कराई गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, युवक की मुलाकात बांग्लादेश के नरायणगंज की महमूदा बेगम से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने निकाह करने का निर्णय लिया। निकाह के बाद दंपती गांव दौताई में सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था और किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया।

हालांकि हाल ही में अचानक उनके घर पर ताला लटका मिला। बताया जा रहा है कि दंपती परिवार सहित गांव से गायब हो गया है। इसके बाद से पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे देश के भीतर किसी अन्य स्थान पर हैं या विदेश रवाना हो चुके हैं।

पुलिस पासपोर्ट, वीजा, निवास अनुमति समेत अन्य दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। दस्तावेजों की वैधता और प्रमाणपत्रों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय एजेंसियों से भी संपर्क किया जा सकता है। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश में जुटी है और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button