UP International Trade Show 2026: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को भव्य बनाने की तैयारी, विदेशी खरीदारों को बुलाने पर जोर

UP International Trade Show 2026: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को भव्य बनाने की तैयारी, विदेशी खरीदारों को बुलाने पर जोर
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को इस बार और अधिक भव्य और वैश्विक स्तर का बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (फियो) के पदाधिकारियों ने कानपुर में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (यूपीएसआईसी) के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में 25 से 29 सितंबर के बीच आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण को सफल और प्रभावशाली बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि इस बार अधिक से अधिक विदेशी खरीदारों को ट्रेड शो में आमंत्रित किया जाए, ताकि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान मिल सके। अधिकारियों का मानना है कि विदेशी खरीदारों की बढ़ती भागीदारी से राज्य के निर्यात सेक्टर को नई गति मिलेगी और स्थानीय उद्योगों को वैश्विक स्तर पर कारोबार बढ़ाने का अवसर प्राप्त होगा।
फियो के उप निदेशक रोहित तेजपाल ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण को पहले के मुकाबले और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में विदेशी खरीदारों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। इससे उत्तर प्रदेश की एमएसएमई इकाइयों को वैश्विक बाजार से जुड़ने में मदद मिलेगी और छोटे उद्योगों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यूपीएसआईसी की ओर से रैंप योजना के तहत फंड जारी किया जाता है। इस योजना के अंतर्गत करीब 150 विदेशी खरीदारों को आमंत्रित करने का खर्च उपलब्ध कराया जाता है। इसी मुद्दे को लेकर यूपीएसआईसी के प्रबंध निदेशक रोहित आनंद से चर्चा की गई। अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया है कि ट्रेड शो की तैयारियों के लिए फंड समय पर जारी कर दिया जाएगा, जिससे आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अधिकारियों का कहना है कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उद्योग, हस्तशिल्प, एमएसएमई और निर्यात क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाने का बड़ा मंच बनता जा रहा है। ऐसे में इस बार आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावशाली बनाने की योजना तैयार की जा रही है।





