उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Water Crisis: भीषण गर्मी में पानी संकट से जूझ रहे ग्रेनो वेस्ट के लोग, 55 टावरों में जल किल्लत से हाहाकार

Greater Noida Water Crisis: भीषण गर्मी में पानी संकट से जूझ रहे ग्रेनो वेस्ट के लोग, 55 टावरों में जल किल्लत से हाहाकार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंगवुड सोसाइटी में भीषण गर्मी के बीच पानी की भारी किल्लत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोसाइटी के 55 से अधिक टावरों में रहने वाले हजारों निवासियों को मंगलवार को भी पानी की कमी का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि प्राधिकरण की ओर से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं की जा रही, जिसके कारण अंडरग्राउंड वाटर टैंक पूरी तरह नहीं भर पा रहे हैं और कई घरों में पानी खत्म हो जाता है।

निवासियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही जल संकट भी गंभीर होता जा रहा है। निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि लोगों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी नियमित रूप से नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। पर्याप्त पानी न मिलने के कारण कई टावरों के अंडरग्राउंड टैंक खाली रह जाते हैं और लोगों को टैंकरों के भरोसे रहना पड़ता है। कई परिवारों को बाल्टियों में पानी भरकर अपने फ्लैट तक ले जाना पड़ रहा है। लगातार बनी इस समस्या से लोगों में भारी नाराजगी है।

सोसाइटी निवासी लवेश कुमार ने बताया कि पानी की कमी के कारण घरों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर महीने पानी की समस्या गंभीर रूप ले लेती है और गर्मी के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।

निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन पर गंदा पानी सप्लाई करने का भी आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी के एसटीपी प्लांट में पानी का सही तरीके से शोधन नहीं किया जा रहा और उसी पानी को सीधे बाथरूमों में सप्लाई किया जा रहा है। कई बार यह गंदा पानी किचन की पाइपलाइन तक पहुंच जाता है। दो दिन पहले भी कई फ्लैटों में रसोई तक गंदे पानी की सप्लाई होने की शिकायत सामने आई थी। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद मेंटेनेंस प्रबंधन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा, जिससे निवासियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

सिर्फ सोसाइटी ही नहीं, ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टरों में भी गंदे पानी की सप्लाई की शिकायतें सामने आ रही हैं। अल्फा-2 सेक्टर निवासी राकेश ने बताया कि कई बार अचानक गंदा और बदबूदार पानी आने लगता है। भीषण गर्मी में दूषित पानी पीने से लोगों को पेट दर्द, उल्टी और अन्य बीमारियों की शिकायत हो रही है। वहीं बीटा-2 सेक्टर निवासी नीलम का कहना है कि गंदे पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। हर बार अधिकारियों की ओर से पाइपलाइन बदलने और सुधार कार्य के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम दिखाई नहीं देता।

स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण और संबंधित विभागों से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button