तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में 169 शिकायतें दर्ज हुई

अमर सैनी
नोएडा। जिले की दादरी, सदर और जेवर तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तीनों तहसीलों में कुल 169 शिकायतें दर्ज हुई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सदर तहसील में लोगों की समस्याएं सुनी। सदर तहसील में जन सामान्य के द्वारा 15 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित दर्ज कराई गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा दो शिकायतों का निराकरण मौके पर ही सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के निस्तारण को लेकर सरकार गंभीर है। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जिन विभागों से संबंधित जनता की शिकायतें दर्ज हो रही हैं। सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता के साथ तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें और मौके पर जाकर संबंधी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराएं, ताकि संबंधित पोर्टल पर शिकायतों को ऑनलाइन किया जा सके। इस अवसर पर सीडीओ जनार्दन सिंह, एसडीएम सदर चारुल यादव, डीडीओ शिव प्रताप प्रमेय, तहसीलदार सदर अजय कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सदर रामकृष्ण त्रिपाठी आदि अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं दादरी तहसील में एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे ने लोगों की समस्याएं सुनी। दादरी में 114 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें से 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जेवर तहसील में एसडीएम अभय सिंह की अध्यक्षता में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां 40 शिकायतें दर्ज की गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img