Sonam Wangchuk: उपवास के बीच सोनम वांगचुक की सेहत पर कड़ी निगरानी, आईवी फ्लूइड लेने से अब भी इनकार
लंबे समय से उपवास पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय लगातार नजर बनाए हुए है। सोमवार को जारी आठवें हेल्थ बुलेटिन के अनुसार वांगचुक का इलाज वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम की निगरानी में जारी है। हालांकि उनके सभी महत्वपूर्ण शारीरिक मानक फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन लगातार उपवास के कारण शरीर में कई चिकित्सीय जटिलताएं बनी हुई हैं।
अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार डॉक्टरों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि बार-बार सलाह देने के बावजूद सोनम वांगचुक अब भी इंट्रावेनस (आईवी) फ्लूइड और ग्लूकोज लेने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे उपचार प्रक्रिया और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है।
चिकित्सकों ने बताया कि लगातार उपवास के कारण उनके शरीर में डिहाइड्रेशन, कम ब्लड शुगर और पोटैशियम की कमी बनी हुई है। रविवार रात हुई जांच में उनका सीरम पोटैशियम स्तर 3.2 एमएमओएल/एल दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से कम है। इसके साथ ही ब्लड शुगर भी सामान्य सीमा से नीचे पाई गई।
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार वांगचुक को पैनसाइटोपीनिया की समस्या भी बनी हुई है। इस स्थिति में लाल और सफेद रक्त कोशिकाओं के साथ-साथ प्लेटलेट्स की संख्या भी कम हो जाती है, जिससे संक्रमण और अन्य गंभीर जटिलताओं का खतरा बढ़ जाता है।
फिलहाल डॉक्टर उन्हें ओआरएस और पोटैशियम सप्लीमेंट दे रहे हैं। साथ ही नियमित रक्त जांच, लैब मॉनिटरिंग और विशेषज्ञों की 24 घंटे निगरानी जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि वांगचुक को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



