Shimla New Year celebration: नववर्ष की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मॉल रोड और रिज का किया भ्रमण
शिमला। नववर्ष की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थलों मॉल रोड और रिज का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहां बड़ी संख्या में पहुंचे देश-विदेश के पर्यटकों से सीधा संवाद किया और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने रिज मैदान पर लगाए गए हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प से जुड़े स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने हिमाचली संस्कृति, खानपान और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को आर्थिक संबल मिलता है।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों, युवाओं और पर्यटकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। लोगों ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली और नववर्ष के इस विशेष अवसर को यादगार बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला केवल एक पर्यटन स्थल ही नहीं बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी है और यहां आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित, सुखद और यादगार अनुभव देना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नववर्ष के दौरान शहर में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है और हिमाचल को वर्षभर पर्यटन के लिए आकर्षक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।


