Delhi Crime: शाहदरा साइबर पुलिस ने सेक्सटॉर्शन गैंग के मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार, अश्लील वीडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दिल्ली के शाहदरा जिले की साइबर थाना पुलिस ने मेवात से संचालित हो रहे एक सेक्सटॉर्शन गैंग का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे सात मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनमें से एक फोन में कई आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो क्लिप्स भी पाई गई हैं। शाहदरा के डीसीपी प्रशांत गौतम ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान खान (21) और असद खान (37) के रूप में हुई है। यह गैंग फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को जाल में फंसाता था और बाद में उन्हें अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता था।
मामला तब सामने आया जब शाहदरा के भगवानपुर खेड़ा निवासी अंकित कुमार को व्हाट्सऐप पर एक लड़की का अश्लील वीडियो भेजा गया। इसके तुरंत बाद उसे धमकी दी गई कि उसका वीडियो एक न्यूड लड़की के साथ मर्ज कर दिया गया है और अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वह वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। डर के मारे पीड़ित ने 35 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जब आरोपियों ने और पैसों की मांग शुरू की तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शाहदरा साइबर थाना प्रभारी एसएचओ विजय कुमार की निगरानी में एसआई श्वेता शर्मा, एएसआई राजदीप, हेड कॉन्स्टेबल जावेद, नरेंद्र और सिपाही रंजीत की टीम ने इस मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक खातों और कॉल डिटेल की मदद से आरोपियों की पहचान की और मेवात से उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे डेटिंग ऐप्स पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर पुरुषों को फंसाते थे। फिर वीडियो कॉल के दौरान अश्लील बातचीत करते और पीड़ितों को न्यूड होने के लिए उकसाते। एक बार जब पीड़ित उनके जाल में फंस जाता, तो उसके वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूली जाती। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गैंग को बैंक अकाउंट मुहैया कराने वाले दो अन्य आरोपी—डीग जिले के श्याम सिंह (21) और दिल्ली के अलीपुर निवासी मंगल सिंह (31)—को भी पिछले महीने ही गिरफ्तार किया गया था।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


