Safdarjung Hospital: सफदरजंग अस्पताल में शुरू हुई ई-एंबुलेंस सेवा, मरीजों को मिलेगी तेज और पर्यावरण-अनुकूल सुविधा

Safdarjung Hospital: सफदरजंग अस्पताल में शुरू हुई ई-एंबुलेंस सेवा, मरीजों को मिलेगी तेज और पर्यावरण-अनुकूल सुविधा

नई दिल्ली, 14 मई : राजधानी दिल्ली के बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल सफदरजंग अस्पताल ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल में वीरवार से शुरू हुई इस नई सेवा के जरिए गंभीर स्वास्थ्य स्थिति वाले मरीजों को अस्पताल परिसर के भीतर एक विभाग से दूसरे विभाग तक तेजी और आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत सफदरजंग अस्पताल को यह ई-एंबुलेंस उपलब्ध कराई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इससे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल परिसर में आने-जाने में काफी राहत मिलेगी, खासकर उन मरीजों को जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है।

ई-एंबुलेंस सेवा का उद्घाटन सफदरजंग अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता शर्मा ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारू बांबा और डॉ. रजत जैन की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर अस्पताल की सीएसआर समिति के सदस्य और परिवहन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रशासन ने इस पहल को मरीजों के हित में एक बड़ा कदम बताया।

डॉ. कविता शर्मा ने कहा कि वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीज सहायता सेवाओं को मजबूत करने वाली पहलें बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि यह ई-एंबुलेंस अस्पताल परिसर में मरीजों की आवाजाही को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाएगी। इसके अलावा यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरित गतिशीलता, स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ स्वास्थ्य अवसंरचना को बढ़ावा देने की सोच के अनुरूप भी है।

अस्पताल प्रशासन का मानना है कि भविष्य में ऐसी और सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बन सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img