Old Vehicles: नोएडा समेत चार जिलों में पुराने वाहनों पर सख्ती, व्यावसायिक क्षेत्रों और पार्किंग से भी होंगे जब्त
नोएडा। राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख सड़कों, व्यावसायिक क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर खड़े आयु सीमा पूरी कर चुके पुराने वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर की परिवहन प्रवर्तन टीमों ने ऐसे वाहनों की पहचान और जब्ती के लिए जांच अभियान शुरू किया है। चारों जिलों में अब तक दो हजार से अधिक पुराने वाहनों को जब्त कर अधिकृत वाहन कबाड़ सुविधा केंद्रों के सुपुर्द किया जा चुका है।
आरटीओ प्रवर्तन गाजियाबाद डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि परिवहन आयुक्त की ओर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और उनके निस्तारण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया यानी एसओपी जारी की गई है। इसी के आधार पर प्रवर्तन टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पुराने वाहनों की पहचान कर रही हैं।
अभियान के तहत एनसीआर में 10 वर्ष की निर्धारित अवधि पूरी कर चुके डीजल वाहनों और 15 वर्ष की अवधि पूरी कर चुके पेट्रोल वाहनों की पहचान की जा रही है। ऐसे वाहन सड़कों पर संचालित पाए जाने के साथ व्यावसायिक क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर खड़े मिलने पर भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
परिवहन विभाग की ओर से अब तक चार जिलों में बड़ी संख्या में पुराने वाहनों को चिह्नित कर कबाड़ सुविधा केंद्रों के सुपुर्द किया गया है। गौतमबुद्ध नगर में 618 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। गाजियाबाद में 704, बुलंदशहर में 286 और हापुड़ में 429 पंजीकृत वाहनों की पहचान कर उन्हें संबंधित कबाड़ सुविधा केंद्रों तक पहुंचाया गया है। इस तरह चारों जिलों में कुल 2,037 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार अभियान केवल मुख्य मार्गों तक सीमित नहीं रहेगा। राष्ट्रीय और अन्य प्रमुख राजमार्गों के अलावा व्यावसायिक क्षेत्रों तथा विभिन्न पार्किंग स्थलों में भी प्रवर्तन टीमें जांच करेंगी। इसका उद्देश्य निर्धारित अवधि पूरी कर चुके वाहनों के संचालन को रोकने के साथ उनके नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।
कार्रवाई के दौरान वाहन के पंजीकरण से संबंधित विवरण, वाहन मालिक की जानकारी और प्रवर्तन टीम द्वारा की गई कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जा रहा है। इससे प्रत्येक जब्त वाहन और उसके निस्तारण से जुड़ी प्रक्रिया का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।
परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से लागू नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन नहीं किया जाए। प्रवर्तन टीमों द्वारा ऐसे वाहनों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


