Noida Ganja Smuggling: व्हाट्सएप पर ऑर्डर लेकर दिल्ली-एनसीआर में गांजा सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 12 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
नोएडा। व्हाट्सएप पर गांजे का ऑर्डर लेकर दिल्ली-एनसीआर में उसकी सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फ्लैट, पीजी, हॉस्टल और कॉलेज के छात्रों को निशाना बनाकर उन तक गांजा पहुंचाते थे।
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से मेडिसन कट, सेक्टर-57 के पास से 36 वर्षीय सुमित राघव को गिरफ्तार किया गया। उसके बैग की तलाशी लेने पर ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के नाम वाले छोटे-छोटे पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलने पर उनमें से कुल 1 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में सुमित ने पुलिस को बताया कि उसे गांजा मनीष कुमार झा उपलब्ध कराता था। उसके अनुसार, मनीष व्हाट्सएप पर ग्राहकों से ऑर्डर लेता था। इसके बाद ग्राहकों से उनकी लोकेशन मंगाई जाती थी और उसी लोकेशन पर गांजे की डिलीवरी कराई जाती थी। ग्राहक गांजे का ऑनलाइन भुगतान सीधे मनीष को करते थे।
सुमित से हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 33 वर्षीय मनीष कुमार झा को ईएसआई कॉलोनी, सेक्टर-56 के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 10 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मनीष टेक्निकल इंजीनियर के पद पर काम करता है। इस तरह दोनों आरोपियों के पास से कुल 12 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों का एक साथी अमित भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, अमित भी गांजा तस्करी में शामिल है और फिलहाल असम के गुवाहाटी की जेल में बंद है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 42 प्रिंटेड पैकेट, एक स्प्लेंडर बाइक (UP16EK-8771) और रियलमी व रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-58 थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






पाठकों की राय