उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Tower Incident: मां की डांट से आहत युवती टावर पर चढ़ी, रेस्क्यू कर सुरक्षित उतारा

Noida Tower Incident: मां की डांट से आहत युवती टावर पर चढ़ी, रेस्क्यू कर सुरक्षित उतारा

नोएडा के सेक्टर-63 में गुरुवार सुबह एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया गया कि मां की डांट से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस के अनुसार, युवती मूल रूप से महाराजगंज के चौक बाजार क्षेत्र की रहने वाली है और पिछले तीन वर्षों से नोएडा के चोटपुर कॉलोनी में रह रही थी। वह एक फैक्टरी में काम करती थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी। गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर मां ने उसे डांटा, जिससे वह भावनात्मक रूप से आहत हो गई और गुस्से में आकर सेक्टर-63 के जे ब्लॉक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर यूनिट और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआत में टीम ने युवती से बातचीत कर उसे शांत करने की कोशिश की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों की टीम टावर के पास पहुंची और सावधानीपूर्वक युवती को नीचे उतार लिया गया। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और एसीपी समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि टीम ने पहले युवती से संवाद स्थापित कर उसकी मानसिक स्थिति को समझा और फिर सुरक्षित तरीके से उसे नीचे लाने की रणनीति अपनाई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल युवती की काउंसलिंग कराई जा रही है और उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि युवती पारिवारिक समस्याओं के कारण मानसिक तनाव में थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

Encounter Greater Noida: दादरी में पुलिस मुठभेड़, लूट का वांछित आरोपी शाकिर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 

Related Articles

Back to top button