Noida Hit and Run: सेक्टर-70 में वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल, चालक फरार, आईसीयू में चल रहा इलाज
नोएडा। सेक्टर-70 के गेट नंबर चार पर 29 अक्तूबर की रात व्यक्ति को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कर भागने वाले अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ परिजन ने फेज-तीन थाने में शुक्रवार को मामला दर्ज कराया है। गोरखपुर के धर्मपुर के रहने वाले हिमांशु त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि उनके ममेरे भाई शशांक तिवारी नोएडा के सेक्टर-70 में रहते हैं। वह एक कंपनी कार्यालय में नौकरी करते हैं। शशांक 29 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे सेक्टर-70 के गेट नंबर चार के पास से जा रहे थे। इसी दौरान एक वाहन चालक आया। शशांक को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया।
शशांक के हाथ, पैर, सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटे आईं। आरोपी चालक घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाए मौके से वाहन लेकर भाग गया। राहगीरों ने घायलवस्था में शशांक को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी होने पर परिजन भी नोएडा पहुंच गए। शशांक का आईसीयू में उपचार चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि परिजन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है।





