Noida Illegal Firecrackers: सदरपुर गांव में बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहा दुकानदार दंपति गिरफ्तार, दो लाख से ज्यादा की आतिशबाजी जब्त
नोएडा। सदरपुर गांव में बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे एक दुकानदार दंपति को सेक्टर-39 थाना पुलिस ने बुधवार रात उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर की छत पर बने कमरे में भारी मात्रा में आतिशबाजी का भंडार रखा हुआ था। मौके से दो लाख रुपये से ज्यादा कीमत की अवैध आतिशबाजी बरामद हुई है। दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-39 थाना पुलिस बुधवार रात सदरपुर गांव में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पंडित वाली गली स्थित कृष्णा जनरल स्टोर पर चोरी-छिपे आतिशबाजी बेची जा रही है और लोग बोरों में भरकर आतिशबाजी ले जाते हुए देखे जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम जनरल स्टोर पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान दुकान की छत पर बने कमरे से अवैध आतिशबाजी बरामद हुई। पुलिस ने जब दुकानदार दंपति से पटाखे बेचने का लाइसेंस मांगा, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
आरोपियों की पहचान सदरपुर गांव निवासी योगेश कुमार और उनकी पत्नी मोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही बिना लाइसेंस पटाखे बेचने वाले अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से घरों में पटाखों का भंडारण न करने की अपील की है, क्योंकि इससे आग लगने का खतरा रहता है। पुलिस ने इस बात पर जोर दिया है कि पटाखे केवल लाइसेंस लेकर निर्धारित स्थान पर ही बेचे जाएं।






पाठकों की राय