Noida: तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस, 171 शिकायतें मिलीं, 13 का मौके पर हुआ निस्तारण

Noida: तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस, 171 शिकायतें मिलीं, 13 का मौके पर हुआ निस्तारण

नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को गौतमबुद्ध नगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 171 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेधा रूपम ने की। यहां कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन करें और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।

सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, एसीपी ग्रेटर नोएडा-III डॉ. रविशंकर मिश्र, परियोजना निदेशक नेहा सिंह, तहसीलदार अजय कुमार, नायब तहसीलदार ज्योत्सना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं, तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। दूसरी ओर तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 82 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया।

प्रशासन का कहना है कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचाना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी लंबित शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img