उत्तर प्रदेशराज्य

Cyber Fraud: शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से 38 लाख रुपये की ठगी, साइबर पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे

Cyber Fraud: शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से 38 लाख रुपये की ठगी, साइबर पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे

नोएडा। शेयर बाजार में कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के दो लोगों से करीब 38 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताकर पहले पीड़ितों का विश्वास जीता और बाद में फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए लाखों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-75 निवासी सारांश, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, फरवरी 2025 में व्हाट्सएप के जरिए साइबर ठगों के संपर्क में आए। आरोपियों ने उन्हें आईपीओ और शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में कम निवेश पर अच्छा रिटर्न देकर उनका विश्वास जीत लिया गया। इसके बाद उन्होंने 17 फरवरी से 26 मार्च 2025 के बीच 11 अलग-अलग लेनदेन में करीब 20 लाख रुपये ठगों के बताए गए बैंक खातों में जमा कर दिए।

जब सारांश ने अपनी निवेश की गई राशि वापस निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने टैक्स और अन्य शुल्क जमा करने की मांग की। साथ ही अतिरिक्त रकम जमा नहीं करने पर निवेश खाता फ्रीज करने की धमकी दी गई। जब उन्होंने और पैसा देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनसे संपर्क समाप्त कर दिया।

इसी तरह ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी संजय रस्तोगी भी साइबर जालसाजों का शिकार हो गए। दिसंबर 2025 में एक महिला ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर शेयर बाजार में निवेश के जरिए बेहतर कमाई का लालच दिया। उसने आकर्षक रिटर्न का भरोसा देकर चार किस्तों में करीब 18 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। बाद में रकम निकालने पर उनसे और पैसे जमा कराने की मांग की गई। इनकार करने पर आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया।

डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन निवेश न करें और किसी भी प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच अवश्य करें।

Related Articles

Back to top button