Noida News: रद्द हो चुकी एसोसिएशन के नाम पर गतिविधियां चलाने का आरोप, आवंटियों ने मांगी जांच
Noida News: रद्द हो चुकी एसोसिएशन के नाम पर गतिविधियां चलाने का आरोप, आवंटियों ने मांगी जांच
नोएडा के सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में एसोसिएशन से जुड़े विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। बिजनेस पार्क के वास्तविक आवंटी और यूनिट धारकों ने आरोप लगाया है कि पंजीकरण निरस्त होने के बावजूद कुछ लोग रद्द हो चुकी एसोसिएशन के नाम पर गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। इस मामले में उन्होंने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग उठाई है।
आवंटियों और यूनिट धारकों द्वारा प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि संबंधित एसोसिएशन का पंजीकरण पहले ही निरस्त किया जा चुका है, जिसके बाद उसकी कानूनी मान्यता समाप्त हो गई है। इसके बावजूद कुछ व्यक्ति स्वयं को संस्था का प्रतिनिधि बताकर विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों के जरिए भ्रामक तथा तथ्यहीन जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। उनका कहना है कि इससे बिजनेस पार्क की छवि प्रभावित हो रही है और निवेशकों तथा यूनिट धारकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
आवंटियों ने यह भी दावा किया है कि निरस्त हो चुकी संस्था के नाम पर नए सदस्य बनाए जाने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही सदस्यता शुल्क और अन्य अंशदान के नाम पर धन एकत्र करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि संस्था की कानूनी मान्यता समाप्त हो चुकी है तो उसके नाम पर किसी भी प्रकार की सदस्यता या आर्थिक गतिविधि नियमों के अनुरूप नहीं मानी जा सकती।
आवंटियों का कहना है कि पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जांच पूरी होने तक ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जाए और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर बिजनेस पार्क के निवेशकों और यूनिट धारकों के बीच चर्चा का माहौल है। शिकायतकर्ताओं का मानना है कि समय रहते स्पष्ट कार्रवाई नहीं हुई तो इससे भविष्य में और अधिक विवाद तथा भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।



