Noida Engineer Death Case: पानी में डूबने से दम घुटा, तनाव और ठंड से आया हार्टअटैक, पोस्टमार्टम में खुलासा
नोएडा के सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ है कि युवराज की मौत पानी में डूबने के कारण दम घुटने और उसके बाद आए हार्टअटैक से हुई। नॉलेज पार्क थाना पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट में बताया गया है कि युवराज के फेफड़ों में करीब 200 मिलीलीटर पानी भरा हुआ पाया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह काफी देर तक पानी में डूबे रहे और सांस न ले पाने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
जानकारी के अनुसार, पानी में गिरने के बाद युवराज ने मदद के लिए आवाज भी लगाई थी, लेकिन सुनसान जगह और समय पर सहायता न मिलने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों की राय है कि लंबे समय तक पानी में डूबे रहने, ठंड, अत्यधिक तनाव और घबराहट की वजह से युवराज को हार्टअटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जिस गड्ढे में डूबकर इंजीनियर युवराज की जान गई, वह इलाका आमतौर पर सन्नाटा भरा रहता है। घटना के बाद से वहां लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। बीते तीन दिनों से लगातार स्थानीय लोग और सोसाइटी के निवासी घटनास्थल पर पहुंचकर सिस्टम की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा के उचित इंतजाम होते और समय पर मदद मिलती, तो युवराज की जान बचाई जा सकती थी।
घटना को लेकर इलाके में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है। सोसाइटी के लोग और स्थानीय नागरिक मीडिया के सामने जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन की लापरवाही उजागर कर रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी और को अपनी जान न गंवानी पड़े।

