Noida Drugs Raid: 80 लाख की नारकोटिक दवाएं जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

Noida Drugs Raid: 80 लाख की नारकोटिक दवाएं जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

नोएडा में अवैध मादक दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए औषधि विभाग और दिल्ली एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने सेक्टर-123 स्थित एक अवैध गोदाम पर छापा मारकर करीब 80 लाख रुपये मूल्य की नारकोटिक दवाएं बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बरामद दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।

औषधि निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि 23 और 24 जुलाई की रात थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-123 स्थित अंबेडकर सिटी के मकान संख्या A-130A पर संयुक्त छापेमारी की गई। यहां अवैध रूप से संचालित गोदाम से ट्रामाडोल (Tramadol) और अल्प्राजोलम (Alprazolam) युक्त बड़ी मात्रा में मादक दवाएं बरामद हुईं। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत 79 लाख 94 हजार 13 रुपये आंकी गई है।

छापेमारी के दौरान शिव नारायण झा, निवासी निराला ग्रीनशायर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और अमन शर्मा, निवासी विहान विला फेज-1, ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

बरामद दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण और रासायनिक विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी नोएडा में करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की कैंसर और दर्द निवारक दवाओं की अवैध खेप पकड़ी गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि एनसीआर में सक्रिय अवैध दवा कारोबार पर एजेंसियां लगातार शिकंजा कस रही हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img