Noida Cyber Crime: ऑनलाइन सस्ते सामान का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 13 शिकायतों में आया नाम

Noida Cyber Crime: ऑनलाइन सस्ते सामान का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 13 शिकायतों में आया नाम
नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन सस्ते दामों पर इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से एडवांस भुगतान लेता था और इसके बाद सामान नहीं भेजता था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान नोएडा सेक्टर-116 निवासी अजय गिरी के रूप में की है। आरोपी मूल रूप से सुल्तानपुर जिले का रहने वाला है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ देशभर में 13 साइबर शिकायतें दर्ज हैं।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी फेसबुक पर इलेक्ट्रॉनिक सामान के आकर्षक विज्ञापन पोस्ट करता था। कम कीमत देखकर लोग उससे संपर्क करते थे। इसके बाद आरोपी एडवांस रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करा लेता था और बाद में न तो सामान भेजता था और न ही पैसे वापस करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ठगी के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर और बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम इक्विटास बैंक, जियो पेमेंट्स बैंक, एयरटेल पेमेंट्स बैंक और फिनो पेमेंट्स बैंक के खातों में जमा कराई जाती थी। इनमें से कुछ खाते आरोपी, उसके भाई और पत्नी के नाम पर संचालित हो रहे थे।
मोबाइल नंबरों की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की निगरानी शुरू की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर उसे सेक्टर-116 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले दिल्ली में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान पर काम करता था। बेरोजगारी और आर्थिक परेशानी के कारण उसने ऑनलाइन ठगी करना शुरू किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल बरामद किया है।
मोबाइल की जांच में कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के फोटो, विज्ञापन और व्हाट्सएप चैट मिली हैं। पुलिस अब आरोपी के साथ जुड़े अन्य लोगों और ठगी की कुल रकम का पता लगाने में जुटी है।





