Noida Fraud Case: फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर बैंक से 14 लाख रुपये ठगे, जांच में सामने आया फर्जी दस्तावेजों का मामला

Noida Fraud Case: फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर बैंक से 14 लाख रुपये ठगे, जांच में सामने आया फर्जी दस्तावेजों का मामला

नोएडा। खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से 14 लाख रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया है। आरोपी ने शुरुआत में कुछ समय तक बैंक की किश्तें जमा कीं, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। लगातार डिफॉल्ट के बाद बैंक द्वारा दस्तावेजों की जांच कराई गई तो पूरा मामला फर्जीवाड़े का निकला।

मामला सेक्टर-51 स्थित एसबीआई शाखा का है। बैंक प्रबंधक देवांजली मुखर्जी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मई 2022 में दिल्ली रेलवे कॉलोनी निवासी शिबू राम ने लोन के लिए आवेदन किया था।

आरोपी ने खुद को दिल्ली रेलवे प्रधान कार्यालय में सहायक लेखाकार बताया और वेतन संबंधी दस्तावेज बैंक में जमा किए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर बैंक ने आरोपी को 14 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर दिया।

बैंक अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने करीब एक साल तक नियमित रूप से किश्तें जमा कीं। इसके बाद उसने भुगतान करना बंद कर दिया। अगस्त 2025 में खाते को एनपीए घोषित कर आरोपी को नोटिस भेजा गया।

नोटिस के बावजूद आरोपी बैंक नहीं पहुंचा, जिसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। जांच में पता चला कि आरोपी द्वारा जमा किए गए सेवा प्रमाणपत्र और पद से संबंधित जानकारी पूरी तरह फर्जी थी।

एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि बैंक की शिकायत पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img