राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Crime: सेक्टर-12 में नशेड़ियों से परेशान लोगों का हंगामा, गांजा बेचने का आरोप

Noida Crime: सेक्टर-12 में नशेड़ियों से परेशान लोगों का हंगामा, गांजा बेचने का आरोप

नोएडा के सेक्टर-12 स्थित एफ ब्लॉक में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा शुक्रवार देर रात सड़क पर फूट पड़ा। लोगों ने प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि इलाके की कुछ दुकानों के बाहर दिनभर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

स्थानीय निवासी शरद मित्तल ने बताया कि एफ ब्लॉक की दो निजी दुकानों पर दिनभर असामाजिक तत्व आते हैं। आरोप है कि वे सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े कर नशा करते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं व युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं।

लोगों का कहना है कि जब इस व्यवहार का विरोध किया जाता है तो नशे में धुत लोग गाली-गलौज करने लगते हैं। वहीं दुकानदारों से शिकायत करने पर भी कोई सहयोग नहीं मिलता और वे भी अभद्र व्यवहार करते हैं।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित दुकान पर गांजा बेचा जाता है, जिसके कारण दूर-दूर से लोग वहां पहुंचते हैं। उनका कहना है कि यदि दुकान पर केवल सामान्य सामान जैसे सिगरेट या गुटखा बिकता होता तो इतनी भीड़ नहीं जुटती।

करीब एक घंटे तक चले हंगामे के दौरान लोगों ने दुकान बंद कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और दुकानदार को नोटिस जारी करने के साथ दुकान के बाहर खड़े असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और लोग अपने घर लौट गए।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि गांजा बेचने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button