Noida Crime: कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का हिस्ट्रीशीटर सरगना गिरफ्तार

Noida Crime: कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का हिस्ट्रीशीटर सरगना गिरफ्तार
नोएडा के सेक्टर-39 थाना पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी कारों का शीशा तोड़कर नकदी और लैपटॉप चोरी करने वाले गिरोह के सरगना समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को सदरपुर क्षेत्र से पकड़ा।
दो लाख रुपये चोरी करने की वारदात कबूली
डीपी शुक्ला के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल शर्मा उर्फ ढोला और सनी के रूप में हुई है। विशाल शर्मा सदरपुर का रहने वाला है जबकि उसका साथी सनी हाथरस का निवासी बताया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 9 मई को शर्मा मार्केट में खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे करीब दो लाख रुपये चोरी किए थे।
चोरी की रकम मौज-मस्ती में उड़ाई
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी की अधिकतर रकम मौज-मस्ती और निजी खर्चों में खर्च कर दी। गिरफ्तार बदमाशों के पास से 10 हजार रुपये बरामद हुए हैं, जिन्हें चोरी की रकम का हिस्सा बताया जा रहा है।
वारदात के दौरान रखते थे हथियार
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों को डराने और धमकाने के लिए अपने साथ तमंचा और चाकू रखते थे। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
हिस्ट्रीशीटर निकला गिरोह का सरगना
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी विशाल शर्मा उर्फ ढोला हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ नोएडा और एनसीआर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और मारपीट समेत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी कारों को निशाना बनाता था। मामले में आगे की जांच जारी है।


