उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida: शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर सड़क पर उतरे एटीएस एल्योर निवासी, गंदे पानी को लेकर हंगामा

Greater Noida: शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर सड़क पर उतरे एटीएस एल्योर निवासी, गंदे पानी को लेकर हंगामा

नोएडा के यमुना सिटी स्थित सेक्टर-22डी की ATS Allure सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। करोड़ों रुपये के फ्लैट खरीदने के बावजूद गंदे पानी की समस्या से परेशान निवासियों का गुस्सा बृहस्पतिवार रात सड़क पर फूट पड़ा। लोगों ने नारेबाजी करते हुए मेंटेनेंस विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

गंदे पानी से परेशान निवासी

सोसाइटी में करीब 1100 फ्लैट हैं, जिनमें लगभग 300 परिवार रह रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे निवासियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बाथरूम के फ्लश में रिसाइकिल पानी की जगह मलयुक्त और दूषित पानी आ रहा है।

लोगों का आरोप है कि ओवरहेड वाटर टैंक की सफाई की मांग कई बार की गई, लेकिन मेंटेनेंस विभाग ने शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। निवासियों का कहना है कि दूषित पानी से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है, खासकर गर्मियों के मौसम में संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है।

पुलिस को बुलाना पड़ा

स्थिति बिगड़ने पर निवासियों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने लोगों को शांत कराया और सोसाइटी प्रबंधन से बातचीत कराई।

प्रबंधन ने दिया समाधान का आश्वासन

शुक्रवार को पवन यादव और आकाश कुमार की टीम ने सोसाइटी पहुंचकर ओवरहेड वाटर टैंक और अन्य समस्याओं का निरीक्षण किया।

पवन यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले एक टावर में रिसाइकिल पानी से जुड़ी शिकायत सामने आई थी, जिसका समाधान करा दिया गया था। अब निवासियों की मांग पर सभी टैंकों की दोबारा सफाई कराई जाएगी और अगले दो सप्ताह में समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

निवासियों का कहना है कि शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा न मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आगे भी प्रदर्शन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button