Noida Child Death: गाजियाबाद से लापता 8 वर्षीय बच्चे का शव हिंडन नदी में मिला, जांच जारी

Noida Child Death: गाजियाबाद से लापता 8 वर्षीय बच्चे का शव हिंडन नदी में मिला, जांच जारी
गाजियाबाद के कनवानी गांव से लापता हुए एक 8 वर्षीय बच्चे का शव नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में हिंडन नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह चोटपुर कॉलोनी के पास नदी में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान सूरज के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के कनवानी गांव निवासी ओमवीर का बेटा था। सूरज 14 अप्रैल की शाम से लापता था। परिजनों के मुताबिक, वह अपने दोस्तों के साथ हिंडन नदी में नहाने गया था, लेकिन जहां उसके दोस्त वापस लौट आए, वहीं वह घर नहीं पहुंचा, जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने इंदिरापुरम थाने में बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार को नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र में उसका शव मिलने से पूरे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।
थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, शव मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई गाजियाबाद पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण शामिल है।
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।




