Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 130 पुलिसकर्मी और 1031 सीआईएसएफ जवान संभाल रहे मोर्चा

Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 130 पुलिसकर्मी और 1031 सीआईएसएफ जवान संभाल रहे मोर्चा
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू होने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत और सक्रिय कर दिया गया है। सोमवार को एयरपोर्ट परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक पुलिस, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी देखने को मिली। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश और निकास द्वारों पर चौबीसों घंटे जांच अभियान चलाया जा रहा है, जबकि एयरपोर्ट के भीतर और बाहर लगातार गश्त की जा रही है।
एयरपोर्ट पर जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल थाना पूरी तरह क्रियाशील हो चुका है। यहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए 130 प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 1031 जवान पहले से ही एयरपोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उड़ान सेवाओं की शुरुआत के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
एयरपोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर तीन पालियों में 24 घंटे जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए माइल स्टोन-32, कार्गो क्षेत्र और डोमेस्टिक टर्मिनल में पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही एयरपोर्ट की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के लिए समर्पित पीसीआर वाहनों द्वारा नियमित सशस्त्र गश्त की जा रही है।
थाना जेवर पुलिस भी आसपास के क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं।
एयरपोर्ट परिसर में संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की पहचान के लिए डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और अन्य विशेष सुरक्षा इकाइयों को भी तैनात किया गया है। समय-समय पर संयुक्त जांच अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल भवन के भीतर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। यहां महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादा वेश में तैनात रहकर यात्रियों की सहायता कर रहे हैं। महिलाओं से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है।
एयरपोर्ट परिसर के पार्किंग क्षेत्र में आधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पार्किंग, प्रवेश द्वारों और यातायात मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एयरपोर्ट की बाहरी सुरक्षा को भी अभेद्य बनाने के लिए दयानतपुर, नीमका, थौरा, जहांगीरपुर और तिरथली में पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों से चौबीसों घंटे गश्त, वाहन चेकिंग और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मार्गों पर स्थायी पुलिस पिकेट भी तैनात किए गए हैं।
किशोरपुर रोड, दयानतपुर, तिरथली-दयानतपुर रोड और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पांच विशेष पुलिस चौकियां स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया गया है।
सभी चौकियों को आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। स्थानीय अस्पतालों और एम्बुलेंस सेवाओं के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लागू किया जाएगा, जिससे रियल टाइम सूचना आदान-प्रदान और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सकेगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आपातकालीन प्रतिक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि एयरपोर्ट पर आने वाले हर यात्री को सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिल सके।





