Maintenance Fee Hike: इको विलेज-1 में मेंटेनेंस शुल्क बढ़ोतरी के खिलाफ सड़क पर उतरे निवासी

Maintenance Fee Hike: इको विलेज-1 में मेंटेनेंस शुल्क बढ़ोतरी के खिलाफ सड़क पर उतरे निवासी
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इको विलेज-1 सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मेंटेनेंस एजेंसी वाईजी फैसिलिटी के खिलाफ लोगों ने सोसाइटी गेट के बाहर सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम जैसी स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।
प्रदर्शन कर रहे निवासियों का कहना है कि पहले एजेंसी 2.36 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से मेंटेनेंस शुल्क वसूल रही थी, लेकिन अब इसमें 89 पैसे प्रति वर्ग फुट की बढ़ोतरी कर दी गई है। उनका आरोप है कि यह फैसला बिना किसी पूर्व सूचना और निवासियों की सहमति के लिया गया है।
निवासियों ने बताया कि वर्ष 2025 में ग्रेविटी एजेंसी की जगह वाईजी फैसिलिटी को सोसाइटी के रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस समय एजेंसी ने आश्वासन दिया था कि कम से कम आठ महीने तक मेंटेनेंस शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी। बावजूद इसके अब शुल्क बढ़ा दिया गया है, जबकि सोसाइटी में कई बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अभी भी बरकरार हैं।
सोसाइटी निवासी जीत बहादुर सिंह ने कहा कि कई बार एजेंसी के अधिकारियों के साथ बैठक करने की कोशिश की गई, लेकिन या तो वे बैठकों में शामिल नहीं हुए या फिर किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उनका कहना है कि जब तक सुविधाओं में सुधार नहीं होता, तब तक शुल्क बढ़ाना उचित नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि बढ़ोतरी का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
वहीं, मेंटेनेंस एजेंसी की ओर से कहा गया है कि मामले पर जल्द निर्णय लिया जाएगा और निवासियों की चिंताओं पर विचार किया जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी है और सभी की नजर आगामी फैसले पर टिकी हुई है।





