Janmashtami Celebration: नोएडा के मंदिरों में जन्माष्टमी की भव्य तैयारी, इस्कॉन में दिव्य श्रृंगार और रॉक शो; बर्फ से बनेगा 12 फीट ऊंचा शिवलिंग
नोएडा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य तरीके से मनाने के लिए मंदिरों को फूलों और रोशनी से सजाया जा रहा है। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान कृष्ण के दिव्य श्रृंगार के लिए विशेष वस्त्र तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, सेक्टर-56 के लक्ष्मी नारायण मंदिर में बर्फ की सिल्लियों से 12 फीट ऊंचा शिवलिंग बनाया जाएगा। सेक्टर-102 स्थित करीब 26 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर को नया और भव्य स्वरूप देने की भी तैयारी है। जन्माष्टमी के दिन पूजा-अर्चना के बाद नए मंदिर का शिलान्यास किया जाएगा।
सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक बनाने के लिए फूलों और रोशनी से सजावट की जा रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस्कॉन मंदिर की जनसंपर्क अधिकारी प्रतिमा साह ने बताया कि भगवान कृष्ण के विशेष श्रृंगार के लिए अनुभवी भक्तों की टीम वस्त्र तैयार कर रही है। इस टीम में ऐसे भक्त शामिल हैं, जो पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से मंदिर में सेवा दे रहे हैं।
भगवान के वस्त्रों को विशेष और आकर्षक स्वरूप देने के लिए रेशमी कपड़े, मोती, गोटा, जरी और दूसरी सजावटी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। वस्त्रों के डिजाइन और कढ़ाई में पारंपरिक कला के साथ आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग किया जा रहा है।
मंदिर परिसर में भव्य सजावट के लिए मजबूत लोहे की संरचनाएं और ऊंचे प्लेटफॉर्म भी बनाए जा रहे हैं। इनका इस्तेमाल जन्माष्टमी के दौरान मंदिर की विशेष सजावट और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किया जाएगा।
इस्कॉन मंदिर में होने वाले जन्माष्टमी महोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अतिथियों के पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और रूस समेत कई देशों से सैकड़ों श्रद्धालु महोत्सव में शामिल हो सकते हैं।
इस बार जन्माष्टमी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में ‘हरे कृष्ण रॉक शो’ भी शामिल रहेगा। इसमें भगवान कृष्ण की भक्ति को संगीत और प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं के सामने पेश किया जाएगा।
रॉक शो में कोलकाता, मध्य प्रदेश, पंजाब, गुजरात और केरल के कलाकार हिस्सा लेंगे। कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और हरे कृष्ण महामंत्र पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे। इसके लिए भी मंदिर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में भी जन्माष्टमी के लिए विशेष आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। यहां इस बार श्रद्धालुओं के लिए बर्फ की सिल्लियों से 12 फीट ऊंचा शिवलिंग तैयार किया जाएगा।
मंदिर के पुजारी प्रियांशु पंडित ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन मंदिर में सुबह से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनभर पूजा-अर्चना के साथ भजन और कीर्तन का आयोजन होगा।
श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को सजाने का काम शुरू कर दिया गया है और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वहीं, सेक्टर-102 स्थित करीब 26 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर के नए और भव्य स्वरूप के निर्माण की दिशा में भी जन्माष्टमी से महत्वपूर्ण शुरुआत होने जा रही है। शुक्रवार को पूजा-अर्चना के बाद नए मंदिर का शिलान्यास किया जाएगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अतानु ने बताया कि जगन्नाथ मंदिर को नया और भव्य स्वरूप देने की तैयारी करीब चार वर्षों से चल रही है। अब निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
नए मंदिर का निर्माण करीब दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंदिर के नए स्वरूप में ओडिशा की पारंपरिक मंदिर स्थापत्य कला की झलक देखने को मिलेगी।
मंदिर निर्माण के लिए ओडिशा से आठ से 10 कारीगर बुलाए गए हैं। ये कारीगर पारंपरिक स्थापत्य शैली के अनुरूप मंदिर के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।
नए मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ के साथ कमला, बिमला, भू-देवी, श्रीदेवी, सूर्यदेव, नवग्रह, हनुमान और निंद्रा देवी समेत अन्य देवी-देवताओं के लिए अलग-अलग स्थान बनाए जाएंगे।
शहर के प्रमुख मंदिरों में चल रही इन तैयारियों के बीच जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह बढ़ गया है। इस्कॉन मंदिर के विशेष श्रृंगार और अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालुओं की मौजूदगी से लेकर लक्ष्मी नारायण मंदिर के बर्फ के शिवलिंग और जगन्नाथ मंदिर के शिलान्यास तक, इस बार नोएडा में जन्माष्टमी के अवसर पर कई विशेष धार्मिक आयोजन देखने को मिलेंगे।


