उत्तर प्रदेशराज्य

Industrial Investment: यमुना सिटी में दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Industrial Investment: यमुना सिटी में दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

नोएडा। यमुना सिटी में दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों के शिलान्यास की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इन दोनों परियोजनाओं में हजारों करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इनके माध्यम से हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी अधिकारियों को कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।

यमुना विकास प्राधिकरण ने सेक्टर-10 में एस्कोर्ट कबौटा कंपनी को 100 एकड़ जमीन आवंटित की है। कंपनी यहां करीब 2,029 करोड़ रुपये का निवेश कर ट्रैक्टर के उपकरण तैयार करने वाली औद्योगिक इकाई स्थापित करेगी। प्रस्तावित इकाई से करीब 4,500 लोगों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

इसी तरह सेक्टर-8डी में सीईएसई ग्रीन प्राइवेट लिमिटेड को भी 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी सौर ऊर्जा से संबंधित उपकरण तैयार करेगी। इस परियोजना में करीब 3,805 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इससे लगभग 5,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

यीडा के अधिकारियों के अनुसार, 11 अगस्त को इंडिया एक्सपो मार्ट में बायोफ्यूल को लेकर बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्र सरकार के मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। इसी दौरान मुख्यमंत्री द्वारा यमुना सिटी के सेक्टर-8डी में सौर ऊर्जा उपकरण बनाने वाली इकाई की आधारशिला रखे जाने की तैयारी है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री के 19 या 20 अगस्त को फिर यमुना सिटी आने की संभावना है। इस दौरान सेक्टर-10 में एस्कोर्ट कबौटा की ट्रैक्टर उपकरण निर्माण इकाई का शिलान्यास प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को यीडा के सीईओ ने संबंधित कंपनी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और प्रस्तावित परियोजना स्थल का निरीक्षण भी किया।

यमुना सिटी में इन औद्योगिक परियोजनाओं के आने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का मानना है कि बड़े निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ-साथ सहायक उद्योगों और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button