गोकलपुरी पेट्रोल पंप पर अंधाधुंध फायरिंग, सुपरवाइजर को शीशे से हमला
रिपोर्ट: रवि डालमिया
उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में शुक्रवार रात बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर अंधाधुंध फायरिंग की और भागते समय पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर अंशुल राठी के पेट पर शीशे से वार कर फरार हो गए। डीसीपी राकेश पावारिया ने बताया कि रात 10:38 बजे गोकलपुरी पेट्रोल पंप पर 7 से 8 राउंड फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और पता चला कि दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के ऑफिस पर 16 राउंड फायरिंग की। भागते वक्त एक बदमाश ने सुपरवाइजर अंशुल राठी पर शीशे से हमला किया।
पुलिस के मुताबिक, पेट्रोल पंप का मालिक हरीश चौधरी गोकलपुरी थाने का घोषित अपराधी है। आशंका जताई जा रही है कि आपसी रंजिश के चलते पेट्रोल पंप को निशाना बनाया गया। घायल अंशुल राठी को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।


