Hepatitis ILBS की मुहिम, ‘मैं अपने लिवर का ख्याल रखूंगा’ संकल्प के साथ जागरूकता अभियान

Hepatitis ILBS की मुहिम, ‘मैं अपने लिवर का ख्याल रखूंगा’ संकल्प के साथ जागरूकता अभियान

नई दिल्ली, 28 जुलाई। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) ने हेपेटाइटिस से बचाव और लिवर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान में स्कूलों, मरीजों और उनके परिजनों को शामिल करते हुए जागरूकता और स्क्रीनिंग गतिविधियां आयोजित की गईं।

‘हेपेटाइटिस: लेट्स ब्रेक इट डाउन’ थीम के तहत आयोजित अभियान में ऑनलाइन वेबिनार, प्रश्नोत्तरी, लिवर हेल्थ से जुड़े जागरूकता सत्र और हेपेटाइटिस-बी तथा हेपेटाइटिस-सी की जांच की गई। इसका उद्देश्य लोगों को बीमारी के कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी देना था।

आईएलबीएस के निदेशक प्रो. (डॉ.) शिव कुमार सरीन ने कहा कि समय पर जांच, टीकाकरण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से हेपेटाइटिस को लेकर जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी लिवर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। प्रश्नोत्तरी और स्वास्थ्य सत्रों के माध्यम से युवाओं को हेपेटाइटिस के संक्रमण, बचाव और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिजनों को भी हेपेटाइटिस-बी और सी की स्क्रीनिंग तथा बीमारी से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों और अस्पताल से जुड़े अन्य लोगों को भी जागरूकता अभियान का हिस्सा बनाया गया।

आईएलबीएस की इस पहल का उद्देश्य बीमारी को लेकर समाज में मौजूद भ्रम और लापरवाही को कम करना तथा लोगों को जांच और बचाव के लिए प्रेरित करना रहा। विशेषज्ञों के अनुसार हेपेटाइटिस के कई मामलों में शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते, इसलिए जोखिम वाले लोगों के लिए समय पर जांच महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के समापन पर छात्रों, शिक्षकों, मरीजों और अस्पताल कर्मियों ने ‘मैं अपने लिवर का ख्याल रखूंगा’ का सामूहिक संकल्प लिया। इस संकल्प के जरिए लोगों ने लिवर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img