उत्तर प्रदेशराज्य

House Theft Case: पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, कई वारदातों का खुलासा

House Theft Case: पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, कई वारदातों का खुलासा

नोएडा पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर कई मामलों का खुलासा किया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्टील की टोटियां, विभिन्न मामलों से जुड़े 20,570 रुपये नकद, दिल्ली से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट, सेक्टर-29 के पास से फिरोज उर्फ बब्लू और आशीष को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने सेक्टर-19 से चोरी की गई स्टील की टोटियां, थाना सेक्टर-24 और सेक्टर-39 में दर्ज मामलों से संबंधित 20,570 रुपये नकद, दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल, प्लास नुमा कटर, लोहे का रिंच, लोहा काटने वाला कटर, सब्बल, छैनी और दो अवैध चाकू बरामद किए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सेक्टर-39 क्षेत्र में मोबाइल और लैपटॉप चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी से मिले अधिकांश रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इन घटनाओं के संबंध में थाना सेक्टर-39 में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी उनसे पूछताछ कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी फिरोज उर्फ बब्लू बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा में रहकर ओला-उबर टैक्सी चलाता है। दूसरा आरोपी आशीष मूल रूप से बरेली का निवासी है और नोएडा में टैक्सी चालक के रूप में कार्य करता है। दोनों टैक्सी चालक की आड़ में बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फिरोज के खिलाफ चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने, चोरी का माल रखने और गैंगस्टर एक्ट सहित 13 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आशीष के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों के आपराधिक नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान नोएडा और आसपास के इलाकों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है।

 

Related Articles

Back to top button