UAN Activation: अब उमंग ऐप पर ही सक्रिय या जारी होगा यूएएन

UAN Activation: अब उमंग ऐप पर ही सक्रिय या जारी होगा यूएएन
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने पोर्टल अपग्रेड के बाद यूएएन (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) एक्टिवेशन और नया यूएएन जनरेट करने की सुविधा पोर्टल से हटा दी है। अब ये दोनों सेवाएं केवल उमंग ऐप के माध्यम से उपलब्ध होंगी। नई व्यवस्था के तहत आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया गया है।
ईपीएफओ के अनुसार पोर्टल अपग्रेड का उद्देश्य ऑनलाइन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय बनाना है। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम सुयश पांडे ने बताया कि जिले में हर महीने औसतन 20 हजार नए यूएएन बनाए जाते हैं। पिछले एक वर्ष में करीब 2.20 लाख नए कर्मचारियों के यूएएन जनरेट किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिन कर्मचारियों का यूएएन पहले से सक्रिय है, उनकी अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर इस बदलाव का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। नई सुविधा के जरिए भविष्य में यूएएन जारी करने और सक्रिय करने की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी होगी।




