READY HP Project: हिमाचल में आपदा से निपटने के लिए 2687 करोड़ की READY-HP परियोजना, CM सुक्खू ने अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

READY HP Project: हिमाचल में आपदा से निपटने के लिए 2687 करोड़ की READY-HP परियोजना, CM सुक्खू ने अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को ‘रेजिलिएंट एक्शन फॉर डेवलपमेंट एंड डिजास्टर रिकवरी हिमाचल प्रदेश’ यानी READY-HP परियोजना की प्रगति और क्रियान्वयन को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2687 करोड़ रुपये की यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रदेश में आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश हिमालयी भू-वैज्ञानिक क्षेत्र में स्थित होने के कारण प्राकृतिक आपदाओं के प्रति बेहद संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच राज्य में बादल फटने की 86, भूस्खलन की 234 और बाढ़ की 121 घटनाएं सामने आईं, जिनसे प्रदेश को 12,500 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि READY-HP परियोजना का मुख्य उद्देश्य आपदा प्रभावित बुनियादी ढांचे जैसे सड़कें, जलापूर्ति योजनाएं, बिजली व्यवस्था और आजीविका परियोजनाओं को दोबारा मजबूत करना है। इसके साथ ही राज्यभर में आपदा के बाद राहत और पुनर्वास के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्राकृतिक आपदाओं के बाद लोगों को तेजी से राहत पहुंचाने और मजबूत पुनर्वास सुविधा उपलब्ध कराने में मदद करेगी। साथ ही सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने, सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने और ग्रीन पंचायत जैसी योजनाओं के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी फोकस किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों और बागवानों के हितों का जिक्र करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान फसलों और आजीविका की सुरक्षा के लिए मजबूत ढांचा तैयार करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में संजय गुप्ता, के.के. पंत, देवेश कुमार, वीरेंद्र कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





