Harsh Malhotra on Tilak Nagar Row: आप की भाषा पर भड़के हर्ष मल्होत्रा, बोले- शिकायत नहीं करूंगा, दिल्ली की जनता दे चुकी है सजा

सौरभ भारद्वाज के अपशब्दों पर हर्ष मल्होत्रा का पलटवार, बोले- दिल्ली के बाद पंजाब भी देगा जवाब

रिपोर्ट: अभिषेक ब्याहुत

नई दिल्ली। तिलक नगर के सड़क निर्माण और थप्पड़ विवाद के बीच दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के नेताओं की भाषा और व्यवहार पर तीखा हमला बोला है। वीडियो जारी कर उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेता लगातार तीन दिनों से गाली-गलौज और अराजक भाषा का इस्तेमाल कर राजनीतिक मर्यादा लाँघ रहे हैं।

अपने वीडियो में मल्होत्रा ने सौरभ भारद्वाज की एक क्लिप भी दिखाई, जिसमें वह मल्होत्रा को मौके पर बुलाने की बात करते हुए उनके खिलाफ अपशब्द इस्तेमाल करते सुनाई देते हैं। इस पर मल्होत्रा ने कहा कि गाली-गलौज उनकी संस्कृति का हिस्सा नहीं है और इसे “केजरीवाल एंड पार्टी की संस्कृति” बताया।

मल्होत्रा ने घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पहले आप विधायक के साथ मौजूद लोगों ने दिल्ली सरकार के एक मंत्री से गाली-गलौज कर माहौल भड़काया और अगले दिन पार्टी के विधायक तथा कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मी से बदतमीजी और मारपीट की। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, आप नेता दिल्ली में हो रहे विकास से बौखलाए हुए हैं।

भारद्वाज के बयान पर मल्होत्रा ने कहा कि वह पुलिस में शिकायत कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करेंगे। उन्होंने तर्क दिया कि दिल्ली की जनता आप को सत्ता से बाहर करके पहले ही बड़ी सजा दे चुकी है। पंजाब में भ्रष्टाचार और अराजकता का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि वहाँ की जनता भी पार्टी को सत्ता से बेदखल करेगी।

इस विवाद की पृष्ठभूमि में सड़क की गुणवत्ता पर विधायक जरनैल सिंह के सवाल और प्रवेश वर्मा द्वारा आप कार्यकर्ता साहिब सिंह को थप्पड़ मारे जाने का मामला है। आप मंत्री के खिलाफ कार्रवाई माँग रही है, जबकि मल्होत्रा ने अपने जवाब में पार्टी नेताओं की भाषा और आचरण को कटघरे में खड़ा किया है।

गौरतलब है कि पिछले चार-पांच दिनों में दिल्ली की राजनीति में आप और भाजपा के बीच बयानबाजी लगातार तेज हुई है। आप की ओर से प्रवेश वर्मा को लेकर “कायर”, “डरपोक” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जबकि अरविंद केजरीवाल ने भी 28 सितंबर को प्रवेश वर्मा पर तीखा हमला करते हुए “ये तुम्हारे पिताजी का देश नहीं” जैसी टिप्पणी की। आप की ओर से भाजपा सरकार और मंत्री पर भ्रष्टाचार तथा “गुंडागर्दी” जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img