Mathura : मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि नव निर्माण आंदोलन को लेकर धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नंदगांव स्थित नंद बाबा मंदिर में चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने शिला पूजन अनुष्ठान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु संत, ब्रजवासी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूजन के बाद स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि नंद बाबा धाम से पूजित यह पवित्र शिला देश के विभिन्न राज्यों और धार्मिक स्थलों पर ले जाई जाएगी। इसका उद्देश्य देशभर के लोगों को इस अभियान से जोड़ना और जन जागरण करना है। अलग-अलग शहरों में शिला यात्रा और पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने अपनी पूर्व घोषणा को दोहराते हुए कहा कि 6 दिसंबर को मथुरा में कारसेवा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं से इस कारसेवा में शामिल होने की अपील की है। शिला पूजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।





