Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा बागड़पुर गांव में करंट की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजयपाल हूण के रूप में हुई है। वह शनिवार शाम करीब पांच बजे अपने ट्यूबवेल पर गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर बेटा सचिन खेत पर उन्हें देखने पहुंचा।
रात करीब पौने आठ बजे सचिन ने देखा कि उसके पिता खंभे से निकली तार के संपर्क में आए हुए हैं। बताया गया कि तार में करंट उतर रहा था और इसकी चपेट में आने से विजयपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


