Greater Noida water crisis: 10 दिनों से जल संकट झेल रहे 1800 परिवार, भीषण गर्मी में पानी की एक-एक बूंद को तरसे निवासी
भीषण गर्मी में पानी की एक-एक बूंद को तरसे निवासी नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-3 के करीब 1800 परिवार पिछले 10 दिनों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच पानी की अनियमित आपूर्ति ने निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। निवासियों के अनुसार सोसाइटी में प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे के बाद पानी की आपूर्ति बंद हो जाती है और रात 8 से 9 बजे के बीच ही दोबारा शुरू होती है। इससे घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को भी पानी की आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सोसाइटी निवासी राखी ने बताया कि लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, जिससे परिवारों को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कत हो रही है। वहीं निवासी राकेश का कहना है कि जब मेंटेनेंस विभाग से शिकायत की जाती है तो वह पानी की कमी के लिए प्राधिकरण को जिम्मेदार ठहराता है। उनका कहना है कि उन्हें बताया गया कि प्राधिकरण के वाटर हाउस में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पानी की सप्लाई बाधित हुई है। एक अन्य निवासी अभिषेक ने बताया कि अनिश्चित जल आपूर्ति के कारण लोगों ने घरों में पानी संग्रहित करना शुरू कर दिया है। कई परिवारों को मजबूरी में बाजार से पानी खरीदकर घरेलू जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। उनका कहना है कि शिकायतें करने के बावजूद न तो प्राधिकरण और न ही बिल्डर प्रबंधन स्पष्ट समाधान दे रहा है। निवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। गर्मी के मौसम में लगातार जल संकट के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
वहीं जल विभाग के अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने कहा कि सोसाइटी में कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं, लेकिन प्राधिकरण की ओर से निर्धारित मात्रा में पानी की आपूर्ति भेजी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
