Greater Noida Road Widening: सिरसा रोटरी से ईपीई तक सड़क बनेगी छह लेन, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

Greater Noida Road Widening: सिरसा रोटरी से ईपीई तक सड़क बनेगी छह लेन, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सिरसा रोटरी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) की एंट्री तक की मौजूदा चार लेन सड़क को छह लेन में चौड़ा किया जाएगा। इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा, नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से ईपीई की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही काफी सुगम हो जाएगी। इस कार्य पर करीब 7.12 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।

अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में 130 मीटर रोड का ईपीई तक का हिस्सा पूरी तरह विकसित नहीं है, जिसके कारण सिरसा के आगे सड़क अधूरी रह जाती है। वहीं इंटरचेंज की कमी के कारण वाहनों को ईकोटेक-1 के आगे बने इंटरचेंज से होकर एक्सप्रेसवे तक जाना पड़ता है। इससे इस मार्ग पर भारी वाहनों और सामान्य ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है और जाम की स्थिति बनी रहती है।

इसी समस्या को देखते हुए सड़क को चौड़ा करने और सेंट्रल वर्ज को कम कर दो अतिरिक्त लेन जोड़ने की योजना तैयार की गई है, जिससे ट्रैफिक को बेहतर तरीके से डायवर्ट किया जा सके।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग ने निर्माण एजेंसी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अगले महीने तक एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना विभाग का अनुमान है कि यह सड़क लगभग छह महीने में पूरी हो जाएगी।

इस सड़क के चौड़ीकरण से ग्रेटर नोएडा के अल्फा, डेल्टा, गामा, ईटा, ओमिक्रॉन, डाढ़ा, स्वर्ण नगरी, कासना और सिरसा जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा से आने वाले वाहनों के लिए भी यह मार्ग आसान और तेज़ हो जाएगा।

परियोजना पूरी होने के बाद न केवल निजी वाहनों की आवाजाही बेहतर होगी, बल्कि माल ढुलाई में लगे ट्रकों को भी जाम से राहत मिलेगी और औद्योगिक परिवहन अधिक सुचारू हो सकेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img